पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बारिश और ठंडी हवाओं से मौसम हुआ सुहावना

बारिश और ठंडी हवाओं से मौसम हुआ सुहावना

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

जयपुर। राजधानी में दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट बदला और देखते ही देखते आसमां में बादल छाने लगे और कुछ देर बाद ही बारिश शुरू हो गई। बारिश से वातावरण का गर्म मिजाज तो बदला ही शहर का मौसम भी सुहावना हो गया। इससे तापमान में जहां भारी गिरावट दर्ज की गई वहीं शहरवासियों को भीषण गर्मी से निजात मिली।

पिछले कुछ दिनों से मौसम वैज्ञानिक तापमान में गिरावट की बात कर रहे थे, जो कि आज देखने को मिला। सुबह से ही मौसम में हल्की ठंडक थी और ऐसा अनुमान लगाया जा रहा था कि शाम तक बारिश हो सकती है। लेकिन दोपहर बाद से ही मौसम ने पलटी खाई और झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश के पहले हल्की-हल्की ठंडी हवाओं का दौर भी चलता रहा जिसने मौसम को और भी खुशनुमा बना दिया।

राजधानी के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई, जबकि कहीं-कहीं बूंदाबांदी चलती रही। हालांकि कुछ देर के बाद बारिश रुक गई, लेकिन आसमान में बादल अभी भी छाए हुए हैं और ठंडी हवाओं का सिलसिला जारी है। पूरे प्रदेश के मौसम में आए बदलाव से लोगों ने काफी राहत महसूस की।

बिजली रही गुल


बारिश होने के साथ ही अधिकांश इलाकों में बिजली गुल हो गई। शहर के बाहरी इलाकों में सबसे ज्यादा दिक्कत रही। बिजली कंपनी की ओर से बनाए शिकायत केंद्रों पर भी शिकायत दर्ज कराने के बावजूद कई इलाकों में शाम तक भी बिजली सप्लाई बहाल नहीं हो सकी।