पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंजयपुर. कांग्रेस संदेश यात्रा का छठा चरण आज जयपुर जिले के बगरू और दूदू विधानसभा क्षेत्रों में बड़ी जनसभाओं के साथ शुरू हुआ। बगरू और दूदू दोनों ही स्थानों पर हजारों ग्रामीणों ने संदेश यात्रा का शानदार स्वागत किया। यहां जगह-जगह गहलोत के आदमकद पोस्टर लगाए गए। जिनमें गहलोत नहीं ये आंधी है, राजस्थान का गांधी के स्लोगन लिखे हुए थे। संदेश यात्रा ने शाम 5 बजे अजमेर जिले में प्रवेश किया। जहां किशनगढ़ कस्बे में संदेश यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया।
संदेश यात्रा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. चन्द्रभान, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, केन्द्रीय मंत्री सचिन पायलट और एआईसीसी के महासचिव मुकुल वासनिक का लोगों ने बेहद उत्साह के साथ स्वागत किया और पुष्प वर्षा की।
बगरू और दूदू दोनों स्थानों पर जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. चन्द्रभान ने कहा कि वसुंधरा राजे प्रदेश की छवि खराब कर रही है और उन्हें इसके लिए बिना शर्त प्रदेशवासियों से माफी मांगनी चाहिए। डॉ. चन्द्रभान ने कहा कि वसुंधरा राजे सुराज यात्रा में कह रही हैं कि भूख से मौतें हुई लेकिन यदि भूख से मौतें हुई तो प्रदेश में भाजपा के 78 विधायक है, एक भी विधायक और वसुंधरा राजे विधानसभा में अंदर या बाहर क्यों नहीं बोला। उन्होंने कहा कि वसुंधरा राजे मुख्यमंत्री बनने के लिए गरीबों का मजाक उड़ा रही है या तो वह अपने आरोप प्रमाणित करे अथवा जनता से माफी मांगे।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बगरू की जनसभा में कहा कि राजीव गांधी के सपनों के भारत का निर्माण कांग्रेस का पहला सपना है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने पंचायतराज संस्थाओं को संवैधानिक शक्ति देकर उन्हें एक नई ताकत दी। अशोक गहलोत ने कहा कि आज बगरू की जनसभा में हजारों की तादाद में महिलाएं आई है और पंचायतराज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत भागीदारी मिलने से इनका पंचायतीराज में प्रतिनिधित्व बढ़ा है जो कि देश में एक बड़ा क्रांतिकारी कदम है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने महिलाओं का हर क्षेत्र में ध्यान रखा है। मनरेगा में केन्द्र सरकार 100 दिन का रोजगार दे रही है और वहीं राज्य सरकार ने इसमें 50 अतिरिक्त दिन जोड़े है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार अब भोजन का अधिकार लाने के लिए प्रतिबद्ध है। जिसका लाभ देश के 80 करोड़ लोगों को मिलेगा, लेकिन भारतीय जनता पार्टी भोजन का अधिकार लाने में संसद में सहयोग नहीं कर रही है और लफ्फाजी करके देश की जनता को गुमराह कर रही है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि जनता भाजपा के नेताओं के षडयंत्र से तंग आ चुकी है। उन्होंने कहा कि वसुंधरा राजे यात्रा निकाल रही है, इन्होंने पिछली बार भी परिवर्तन यात्रा निकाली थी तब गुर्जरों से आरक्षण का झूठा वादा किया था तथा कर्मचारियों को भड़काया था। उन्होंने कहा कि राज में आने के बाद वसुंधरा के शासन में किसानों पर कई दफा गोलियां चली। रावला, घड़साना, सोहेला आदि घटनाओं का जिक्र करते हुए गहलोत ने कहा कि वसुंधरा राजे ने गोलियों के बल पर राज चलाया लेकिन कांग्रेस के शासन में पिछले चार साल में जब भी गुर्जर समाज के लोग धरने पर बैठे या पटरी रोकी तो उन्हें समझाया गया, उनसे संवाद बनाया गया।
गहलोत ने कहा कि गोली चलाना तो छोड़ो कांग्रेस के राज में लाठीचार्ज तक नहीं हुआ। उन्होंने वसुंधरा राजे को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि वे किस मुंह से गुर्जरों को भड़का रही हैं।
जनसभा में केंद्रीय मंत्री सचिन पायलट, सांसद अश्क अली टाक, महादेव सिंह खण्डेला, एआईसीसी सचिव संजय बापना, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष महेन्द्र सिंह, महासचिव सुरेश चौधरी, कोषाध्यक्ष चिरंजीलाल बड़ाया, सचिव ओम राजोरिया आदि भी उपस्थित थे।
Photo-Giriraj Aggarwal
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.