पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • लूट का पैसा लंदन, मॉरीशस और मुंबई भेजा तो गहलोत ने क्यों नहीं दर्ज कराई एफआईआर : भाजपा

लूट का पैसा लंदन, मॉरीशस और मुंबई भेजा तो गहलोत ने क्यों नहीं दर्ज कराई एफआईआर : भाजपा

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

जयपुर। भाजपा ने कहा है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा वसुंधरा राजे पर किसानों को लूटकर पैसा लंदन, मॉरीशस और मुंबई भेजने का जो आरोप लगाया जा रहा है, अगर गहलोत इसके प्रथमदृष्टया साक्षी हैं तो उन्होंने किसी थाने में अभी तक मुकदमा दर्ज क्यों नहीं करवाया? पिछले आठ साल से गहलोत ये बात बोलते आ रहे हैं। भाजपा ने चुनौती दी कि अगर वसुंधरा राजे के खिलाफ लगाए गए आरोपों में दम है तो गहलोत इन तथ्यों को अब तक छिपाने के जुर्म में खुद के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाएं।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता कैलाश नाथ भट्ट ने जारी बयान में रविवार को कहा कि गहलोत झूठ बोल रहे हैं। सौ बार झूठ बोलने से वह सत्य नहीं हो जाता है। गहलोत झूठ बोलकर प्रदेश की पहली महिला मुख्यमंत्री को अपमानित कर रहे हंै। गहलोत का महिलाओं के प्रति जो दृष्टिकोण है, वह इससे उजागर हो रहा है।

भाजपा ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मांगा इस्तीफा:

दो कैबिनेट मंत्रियों से इस्तीफा लिए जाने के मामले में भाजपा ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री डा.मनमोहन सिंह में थोड़ी सी भी शर्म बची हो तो किसी के हाथ की कठपुतली बनने की बजाय पद से त्याग-पत्र दे देना चाहिए। जिस सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार, घोटाले, घूसखोरी और दलाली के आरोपों में उनके मंत्रियों को जेल जाना पड़ा हो और जिन्हें आरोपों के प्रथम दृष्टया सही होने पर त्याग-पत्र देना पड़ा हो, ऐसी सरकार को एक क्षण भी शासन करने का अधिकार नहीं है। इसलिए भाजपा प्रधानमंत्री से तुरंत त्याग-पत्र की मांग करती है।

भाजपा विधि और चुनाव प्रकोष्ठ का सम्मेलन 18 मई को, वसुंधरा राजे होंगी मुख्य अतिथि:

भाजपा के विधि और चुनाव प्रकोष्ठ का प्रदेश स्तरीय अधिवेशन 18 मई को बिड़ला ऑडिटोरियम में रखा गया है। इसमें 1500 वकील शामिल होंगे। अधिवक्ताओं के सामने एक चुनौती और चुनाव प्रबंधन विषय पर चर्चा होगी। इस सम्मेलन के मुख्य अतिथि भाजपा की अध्यक्ष वसुंधरा राजे होंगी और मुख्य वक्ता राज्यसभा में भाजपा के उपनेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद होंगे। सम्मेलन में विशिष्ठ अतिथि राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय सचिव भूपेन्द्र यादव होंगे।

विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक श्याम आर्य ने बताया कि जोधपुर संभाग में नंदकिशोर मेहता, बीकानेर संभाग में बिहारी सिंह, कोटा संभाग में हेमंत विजयवर्गीय, उदयपुर संभाग खूबी लाल सिंघवी, भरतपुर संभाग गिरीश चतुर्वेदी, अजमेर संभाग पूना शंकर दसोरा, जयपुर संभाग की जिम्मेदारी शिवचरण साहू और शीशराम यादव को दी गई है और मीडिया की जिम्मेदारी लक्ष्मीकान्त शर्मा को सौंपी गई है। सम्मेलन की तैयारियों के लिए सभी जिलों में प्रभारी नियुक्त कर दिए गए हैं।