पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंजयपुर। राजीव गांधी डिजिटल विद्यार्थी योजना के तहत प्रदेश के 35819 स्कूलों के 3.50 लाख विद्यार्थियों को मंगलवार को 6-6 हजार रुपए के चैक वितरित होंगे। आठवीं कक्षा में दूसरे से 11वें स्थान पर रहे इन विद्यार्थियों को टेबलेट-पीसी खरीदने के लिए सरकार की ओर से यह राशि दी जा रही है।
शिक्षा विभाग ने मैरिट में एक ही रैंक पर एक से ज्यादा स्थान हासिल करने वाले सभी विद्यार्थियों को भी योजना का लाभ देने का फैसला किया है। शिक्षा विभाग के उप सचिव आर. सी. डेनवाल ने बताया कि सभी स्कूलों में समारोह आयोजित कर ये चैक वितरित किए जाएंगे। इस राशि से छात्र को अपने स्तर पर 30 सितंबर तक टैबलेट-पीसी खरीदना होगा। विद्यार्थी को 31 अक्टूबर तक खरीद का स्व घोषणा-पत्र भी देना होगा।
सभी जिला शिक्षा अधिकारी ब्लॉक और संभागवार विद्यार्थियों की सूची बनाकर बजट आबंटन सुनिश्चित करेंगे। पूरी योजना की कलेक्टर के स्तर पर मॉनीटरिंग होगी। डेनवाल ने बताया कि आठवीं में पहले स्थान पर रहने वाले टॉपर्स के लिए लैपटॉप खरीदने की कार्यवाही आईटी विभाग की ओर से दी जा रही है। योजना के दूसरे चरण में जुलाई में इन बच्चों को लैपटॉप दिए जाएंगे। इस चरण में 10वीं और 12वीं की मैरिट में आने वाले 10-10 हजार विद्यार्थियों को भी लैपटॉप दिए जाएंगे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.