पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंजयपुर। जेकेलोन हॉस्पिटल में चिकित्सकों की लापरवाही के कारण 16 वर्षीय बालक की मौत होने का मामला सामने आया है। पुलिस और चिकित्सकों की लापरवाही के कारण बालक के शव का पोस्टमार्टम 24 घंटे बाद मेडिकल बोर्ड से कराया गया है। इस दौरान मृतक के परिजनों ने मुर्दाघर के सामने हंगामा कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया।
इस संबंध में मृतक के पिता बालावाला निवासी रामूलाल ने मोतीडूंगरी थाने में हॉस्पिटल के चिकित्सक रामबाबू गोयल के खिलाफ लापरवाही पूर्वक हत्या करने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट आने की बाद ही पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी कि बालक की चिकित्सकों की लापरवाही के कारण या किसी बीमारी के कारण मौत हुई है।
पुलिस ने बताया कि पीडि़त रामूलाल बागड़ा के 16 बेटे लोकेश के पेट में दर्द हुआ था। वह उसे जेकेलोन हॉस्पिटल में एक सप्ताह पहले दिखाने आया था। जहां पर डा. रामबाबू गोयल ने लोकेश का उपचार करने के नाम पर भर्ती कर लिया और परिजनों की सहमति के बिना ही ऑपरेशन थियेटर में ले गया। वहां से दस मिनट बाद ही लोकेश को बाहर निकालकर ले आए और ऑपरेशन भी नहीं किया।
पीडि़त रामूलाल का आरोप है कि लोकेश के पेट पर एक चीरे का निशान था। उसके बाद वह तीन दिन तक वेंटीलेटर पर ही बेहोश रहा। शुक्रवार शाम को चिकित्सकों ने लोकेश को मृत घोषित कर दिया। लोकेश के शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से कराया गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.