पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंजयपुर। आईपीएल फिक्सिंग में जेल जा चुके ज्यूपिटर चंद्रेश जैन व उसकी पत्नी सहित आठ जनों को अशोक नगर थाना पुलिस ने 23 दिन बीतने के बाद भी गिरफ्तार नहीं किया है। पुलिस जांच के नाम पर कई दिनों से महज खानापूर्ति कर रही है। उल्लेखनीय है कि आरोपी चंद्रेश जैन एक व्यक्ति को पिस्तौल दिखाकर खाली कागजों पर उसके हस्ताक्षर करा लिए थे।
इस संबंध में 2 जनवरी को दिल्ली निवासी विजेंद्र ने अशोक नगर थाने में रिपोर्ट दी थी कि उसका डीसीएम डॉक्टर्स कॉलोनी में ज्योतिष वाईके शर्मा के पास आना-जाना था। दो साल पहले शर्मा ने चंद्रेश की पत्नी नम्रता जैन और उसके दोस्त गौरव से संपर्क कराया था। विजेंद्र का परफ्यूम का बिजनेस था।
विजेंद्र ने शर्मा के कहने पर नम्रता के साथ दो साल पहले जयपुर में परफ्यूम का बिजनेस शुरू किया था और गौरव के साथ एक पार्टनरशिप में एक प्लॉट खरीदा था। नम्रता के पति चंद्रेश का नाम आईपीएल मैच फिक्सिंग में आया तो विजेंद्र ने पार्टनरशिप खत्म करने के लिए नम्रता और गौरव को कहा। लेकिन दोनों ने पार्टनरशिप से हटने से इंकार कर दिया। ऐसे में पिछले एक साल से विजेंद्र का चंद्रेश से विवाद चल रहा था।
विवाद को सुलझाने के लिए चंद्रेश ने विजेंद्र को दिल्ली से बुलाया था। विजेंद्र 28 को दिल्ली से जयपुर आ गया था और बाइसगोदाम स्थित एक निजी होटल में रुका हुआ था। 30 दिसंबर को चंद्रेश और गौरव अपने छह-सात साथियों के होटल पर पहुंचे और वहां विजेंद्र को बिजनेस से पार्टनरशिप खत्म नहीं करने के लिए धमकाने लगे। विजेंद्र नहीं माना तो चंद्रेश व उसके साथियों ने पिस्टल दिखाकर खाली कागजों पर हस्ताक्षर करा लिए और गाली-गलौज कर वहां से आ गए थे। लेकिन पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.