जयपुर। विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की करारी हार के बाद कांग्रेसी नेताओं ने फिर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश और जान फूकने की कोशिश की है। नेताओं ने चुनाव में हार के कई कारण बताए। इसमें संगठन की कमजोरी, कार्यकर्ताओं की नाराजगी, पंचायती राज को मजबूत नहीं करना और सरकार की योजनाओं का प्रचार प्रसार नहीं होना शामिल है।
बुधवार को कांग्रेस की ओर से आयोजित पंचायत राज संस्थाओं एवं स्थानीय निकाय संस्थाओं के प्रतिनिधियों के सम्मेलन में कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए सचिन पायलट ने लोकसभा चुनाव के लिएतैयार रहने को कहा। सम्मेलन बनीपार्क स्थित करणी पैलेस में आयोजित हुआ। इसमें कांग्रेस के जिला प्रमुख, प्रधान, जिला परिषद, पार्षद और पंचायत समिति के सदस्यों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने की। उन्होंने कहा कि विधानसभा हार को भूल कर लोकसभा चुनावों के जुट जाना है। आगामी चुनावों में आपसी मिलजुल कर काम किया जाएगा। टिकिट भी कार्यकर्ता और क्षेत्रों के लोगों की राय के बाद वितरण किए जाएंगे।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी एवं महासचिव गुरुदास कामत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस के प्रति लोगों को भ्रमित कर रही है। इससे सतर्क रहना होगा।
उन्होंने कहा कि मोदी वहीं जिसने वर्ष 2002 में हजारों लोगों को मरवा दिया था। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार लोगों के लिए बेहतर जन कल्याणकारी योजना लाई, लेकिन इसके बाद भी चुनावों में नतीजे विपरीत आए। इस पर सोचने की बात है।