जयपुर। एकीकरण में उर्दू शिक्षा के स्कूलों को सामान्य स्कूलों में मर्ज करने के विरोध में उर्दू शिक्षक अब सड़क पर उतरेंगे। राजस्थान उर्दू शिक्षक संघ की ओर से सोमवार को सुबह 11 बजे जिला कलेक्ट्रेट का घेराव कर इसका जोरदार विरोध किया जाएगा।
संघ के अध्यक्ष अमीन कायमखानी ने बताया कि सरकार उर्दू शिक्षा को समाप्त करने की साजिश रच रही है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने जयपुर शहर में ही नहीं राज्य के अन्य इलाकों में भी उर्दू माध्यम के स्कूलों को सामान्य स्कूलों में मर्ज कर दिया। इससे जाहिर है कि सरकार इस माध्यम को बंद करना चाहती है।
यही नहीं आगे उर्दू के शिक्षकों को पदों में भी कटौती की जा सकती है। इस दिन प्रदर्शन कर वे जिला कलेक्टर को इन स्कूलों को सामान्य स्कूलों में मर्ज नहीं करने और उर्दू माध्यम की किताबें उपलब्ध कराने की मांग करेंगे। इस मांग का ज्ञापन भी कलेक्टर को सौंपा जाएगा।