जयपुर। उर्दू माध्यम के स्कूलों को बंद कर उन्हें सामान्य स्कूलों में मर्ज करने के विरोध में सोमवार से उर्दू शिक्षक आंदोलन की राह अपनाएंगे। राजस्थान उर्दू शिक्षक संघ से जुड़े शिक्षक सोमवार को सुबह 11 बजे जिला कलेक्ट्रेट पर एकत्रित होंगे और जमकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। इस मौके पर बड़ी संख्या में अभिभावक व बच्चे भी मौजूद रहेंगे।
आंदोलन को राजस्थान मदरसा शिक्षा सहयोगी संघ ने भी समर्थन दिया है। शिक्षक संघ के अध्यक्ष अमीन कायमखानी ने बताया कि अधिकारियों ने जयपुर शहर में ही नहीं राज्य के अन्य इलाकों में भी उर्दू माध्यम के स्कूलों को सामान्य स्कूलों में मर्ज कर दिया। यह गलत है। उन्होंने सवाल किया कि क्या सरकार इस माध्यम को बंद करना चाहती है? यही नहीं आगे उर्दू के शिक्षकों को पदों में भी कटौती की जा सकती है। इस दिन प्रदर्शन कर वे जिला कलेक्टर को ज्ञापन देकर इन स्कूलों को सामान्य स्कूलों में मर्ज नहीं करने और उर्दू माध्यम की किताबें उपलब्ध कराने की मांग करेंगे।