जयपुर। एसएमएस अस्पताल में सोमवार सुबह करीब 40 मिनट सर्वर ठप रहा। इस कारण सैंकड़ों मरीज आउटडोर में पर्चियां कटाने के लिए परेशान होते रहे। अस्पताल में सोमवार को ओपीडी काफी अधिक रहती है और इस कारण अस्पताल में काफी भीड थी।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9.10 बजे सर्वर ठप हो गया। पहले स्वयं कर्मचारी सर्वर ठीक होने का इंतजार करते रहे लेकिन जब मरीज विरोध करने लगे तब उन्हें सर्वर ठप होने की बात कही गई। सर्वर करीब 9.50 बजे पर सही हुआ। इतने समय तक लोग कतारों में लगे रहे और गर्मी में परेशान हो गए। मामले में अस्पताल प्रशासन का कहना है कि सर्वर सही कराए गए थे, लेकिन परेशानी क्यों आई, इस बारे में पता लगाया जाएगा।
धीमा तो हमेशा, पहले भी होता रहा है ठप
एसएमएस अस्पताल का सर्वर के धीमे चलने की समस्या से स्टाफ और लोग परेशान हो चुके हैँ। इसकी कई बार शिकायत भी की जा चुकी है लेकिन समस्या का कोई हल नहीं निकाला गया। मामले को लेकर चिकित्सा मंत्री भी अस्पताल के अधिकारियों को कह चुके हैं लेकिन हर बार ठोस प्रक्रिया की जगह आश्वासन ही दिया जाता है।