जयपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी व कलेक्टर कृष्ण कुणाल के आदेशों के बावजूद शहर के कई पोलिंग बूथ पर सोमवार को बूथ लेवल अफसरों (बीएलओ) ने मतदाता सूचियों का पठन नहीं किया। मतदाता सूचियों पर नगर निगम चुनावों के लिए तैयार मतदाता सूची नहीं होने के कारण लोग अपना नाम भी नहीं देख पाए।
जानकारी के अनुसार कई पोलिंग बूथ पर बीएलओ पहुंचे ही नहीं और लोगों को मायूस लौटना पड़ा। लोगों ने सोमवार को हर पोलिंग बूथ पर बीएलओ को मौजूद रहने व मतदाता सूची होने के लिए कर्मचारियों को पाबंद करने की मांग की है।
गौरतलब है कि कलेक्टर ने बीएलओ को रविवार व सोमवार को मतदाता सूचियों का पोलिंग बूथ पर पठन किया करने का आदेश दिया था।
जिले में नगर पालिका आम चुनाव 2014 की निर्वाचक नामावलियों की तैयारी के मतदाता सूचियां का संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की तारीख निर्धारित की है। मतदाता सूची पर दावों व आक्षेपों को प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 22 सितम्बर है तथा विशेष अभियान की तारीख 13 व 14 एवं 21 सितम्बर तय की गई है। इसके बाद 30 सितंबर तक दावों एवं आपत्तियों का समाधान किया जाएगा। इसके बाद 10 अक्टूबर तक पूरक सूचियां तैयार की जाएगी। निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 14 अक्टूबर को होगा।