जयपुर। जिला प्रशासन व जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने नगर निगम चुनावों के लिए मतदाताओं की मतदाता सूची तैयार कर ली है। इस मतदाता सूची में शामिल मतदाता ही नगर निगम के पार्षद बनाने के लिए वोट डाल सकेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने 22 सितंबर तक इस मतदाता सूची पर दावा व आपत्तियां मांगी है। इस दौरान कोई भी व्यक्ति अपना नाम जुड़वाने व हटाने के साथ ही गलत नाम की शिकायत भी कर सकता है।
इसके साथ ही 21 सितंबर को पोलिंग बूथ पर बीएलओ मौजूद रहेंगे। इस दौरान भी व्यक्ति आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद 30 सितंबर तक दावों एवं आपत्तियों का समाधान किया जाएगा। इसके बाद 10 अक्टूबर तक पूरक सूचियां तैयार की जाएंगी। निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 14 अक्टूबर को होगा।