जयपुर। अब प्रदेशभर की स्कूलों में नियमित रुप से बिजली सप्लाई होगी। इसके लिए हर स्कूल के लिए अलग कनेक्शन होगा तथा अलग से ही ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा।
जयपुर डिस्कॉम स्कूलों में सिंगल फेज ट्रांसफार्मर से बिजली की सप्लाई की जाती है, लेकिन इस ट्रांसफार्मर से गांव के उपभोक्ताओं और स्कूल में भी कनेक्शन किया जाता है। कम क्षमता वाले सिंगल फेज के ट्रांसफार्मर पर कनेक्शन अधिक होने के कारण स्कूल में कम वोल्टेज से बिजली की सप्लाई होती है, जिससे पंखे आदि नहीं चल पाते या फिर ट्रांसफार्मर ही जल जाता है।
ऐसे में बिजली कंपनी की ओर से कई दिनों तक जले ट्रांसफार्मर को नहीं बदलने से उपभोक्ताओं के साथ साथ इसका खामियाजा संबंधित स्कूल प्रशासन एवं छात्रों को भी भुगतना पड़ता है। इस समस्या से निपटने के लिए शिक्षा विभाग ने तय किया कि स्कूलों के लिए अलग से ही ट्रांसफार्मर होने चाहिए, ताकि नियमित रूप से बिजली की सप्लाई होती रहे और छात्रों को बिजली सप्लाई का लाभ मिले।
स्कूलों के लिए यदि अलग से ट्रांसफार्मर होंगे तो स्कूलों में पंखे, बल्ब, कंप्यूटर आदि पर्याप्त वोल्टेज से सुविधा के अनुसार चलाए जा सकेंगे। इसमें गांव के उपभोक्ताओं का हस्तक्षेप भी नहीं होगा। यह केवल स्कूल एवं स्कूल के छात्रों के लिए ही होगा।