जयपुर। ग्राम पंचायत में ग्राम सेवक (सचिव) नहीं होने की स्थिति में अब कनिष्ठ लिपिक (एलडीसी) उनका काम संभालेंगे। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के अतिरिक्त निदेशक ने आदेश जारी कर संबंधित ग्राम पंचायत में कार्यरत कनिष्ठ लिपिक को ही ग्राम सेवक का कार्यभार देने के निर्देश दिए हैं।
जिले में वर्तमान में 13 पंचायत समितियों के अधीन 488 ग्राम पंचायतें हैं। इनमें केवल 314 पंचायतों में ही ग्राम सेवक कार्यरत हैं। बाकी 147 पद खाली पड़े हैं। अब तक इनका काम नजदीकी ग्राम पंचायत के ग्राम सेवक ही संभालते थे।
इसलिए किया निर्णय:
अब तक ग्राम पंचायत में ग्राम सेवक का पद रिक्त होने, लंबे अवकाश पर जाने की स्थिति में अब तक ग्राम पंचायत का जो अतिरिक्त कार्य प्रभार समीपस्थ ग्राम पंचायत के ग्राम सेवक को दिया जाता रहा है इससे उसकी कार्यक्षमता पर विपरीत प्रभाव पड़ता है साथ ही कई बार गड़बडिय़ां भी हो जाती थी।
सरकार की यह तैयारी:
सरकार ने सभी ग्राम पंचायतों में दो दो कनिष्ठ लिपिक के हिसाब से कुल 960 पद स्वीकृत किए हैं। वर्तमान में461 पंचायतों में 378 कनिष्ठ लिपिक लगे हैं। इस प्रकार कुल 582 पद रिक्त हैं। सरकार इनको भरने की तैयारी कर रही है।