जयपुर। नगर निगम के पांच वार्डों में मंगलवार से 20 सितंबर तक भामाशाह नामांकन शिविर लगाए जा रहे हैं। निगम ने अधूरी तैयारियों के साथ वार्ड नं. एक, दो, 41, 32 व 60 में मंगलवार को शिविर शुरू किए।
शिविरों में अव्यवस्था होने का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ा। लोग एक काउंटर से दूसरे काउंटर तक चक्कर लगाते रहे। वहीं भामाशाह कार्ड बनवाने गई कई महिला मुखिया के साथ परिवारजन नहीं होने के कारण अधिकारियों ने उनका नामांकन ही नहीं किया। इसका भी लोगों ने विरोध दर्ज करवाया।
दूसरी ओर कलेक्टर कृष्ण कुणाल ने लोगों से अपील की है कि नामांकन शिविरों में प्रत्येक परिवार की महिला मुखिया अपने परिवार के सभी सदस्यों के साथ आए और शिविर में परिवार के सदस्यों का नामांकन भी करवाएं।
यहां लग रहे है भामाशाह नामांकन शिविर:
एडीएम (चतुर्थ) सुखवीर सैनी ने बताया कि वार्ड नं. एक व दो का शिविर शास्त्रीनगर स्थित निगम के विद्याधर नगर जोन कार्यालय, वार्ड नं. 41 का शिविर महेश नगर स्थित सामुदायिक केंद्र में, वार्ड नं. 32 का शिविर प्रताप नगर सेक्टर - छह में हल्दीघाटी मार्ग (प्रताप हॉस्पिटल के पास) स्थित सामुदायिक केंद्र में, तथा वार्ड नं. 60 का शिविर चौगान स्टेडियम के पीछे वाली सड़क पर कमरा नंबर सात से 11 में लगाया जा रहा है।