एकीकरण की वजह से जयपुर के गुर्जर की थड़ी इलाके में सड़क पर स्कूल चलाना पड़ा। फाइल फोटो।
जयपुर। जयपुर जिले में एकीकरण की विसंगतियों का भौतिक सत्यापन प्रारंभ हो गया है। ऐसे में अब जल्दी ही एकीकरण को लेकर आई विसंगतियां और शिकायतों के दूर होने की संभावना है। जिले में इसको लेकर 201 शिकायतें प्राप्त हुई थी।
जिला कलेक्टर के निर्देश के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने विसंगतियां दूर करने के लिए स्कूल की मौके पर जांच प्रारंभ कर दी है।
डीईओ कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार विसंगतियां दूर करते समय यह ध्यान रखा जाएगा कि एक राजस्व गांव का स्कूल दूसरे राजस्व गांव में मर्ज नहीं हो। साथ ही स्कूल के मर्ज होने के बाद बच्चों को हाईवे पार करके नहीं जाना पड़े। ऐसे ही स्कूल में बच्चों की संख्या, भवन की स्थिति को भी ध्यान में रखा जाएगा।
इसके बाद एक रिपोर्ट तैयार होगी जो जिला कलेक्टर को भेजी जाएगी। कलेक्टर उस रिपोर्ट को निदेशालय में भिजवाएंगे। जहां से वह सरकार के पास भेजी जाएगी।