जयपुर। हज फ्लाइटों के देरी से चलने का सिलसिला थम गया है अब फ्लाइट तय समय से भी पहले जा रही है। इससे हजयात्री काफी राहत महसूस कर रहे हैं। बुधवार को हज की नवीं फ्लाइट 5 मिनट पहले ही रवाना हो गई।
इस फ्लाइट का शिड्यूल के अनुसार रवानगी का टाइम सुबह 8:30 बजे का था, लेकिन यह सुबह 8:25 बजे ही रवाना हो गई। इसमें 235 हजयात्री रवाना हुए। अब तक गई इन 9 फ्लाइटों में राज्य के 2115 हजयात्री सउदी अरब पहुंच चुके हैं।
गुरुवार को 10वीं फ्लाइट जाएगी। इसके भी समय पर जाने की उम्मीद है। इस फ्लाइट के हजयात्रियों ने मंगलवार को रिपोर्टिंग कराई थी। हज कमेटी के सदस्य हाजी शाहिद मोहम्मद का कहना है कि फ्लाइटों के समय पर जाने से सभी को राहत मिली है। आगे की फ्लाइटों में अब देरी की कोई संभावना नहीं है।