जयपुर। नगर निगम में फंड नहीं होने से चल रहे विकास काम ठप हो गए हैं। ठेकेदारों को वर्क ऑर्डर नहीं मिल रहा है। विकास काम शुरू कराने की मांग को लेकर गुरुवार को कांग्रेस पार्षद नगर निगम सीईओ ज्ञानाराम से मिले और काम शुरू कराने के लिए ज्ञापन दिया।
सीईओ से मिलने के लिए पार्षद निगम मुख्यालय पर एकत्रित हुए। यहां के बाद रैली के रूप में सीईओ के चैंबर में पहुंचे। पार्षदों ने सीईओ को सड़क, नालियों और सीवर काम बंद होने की जानकारी दी।
इस पर सीईओ ने जल्द ही काम शुरू कराने का आश्वासन दिया। सीईओ ने कहा कि नए वर्क ऑर्डर जारी करने से पहले समीक्षा की जाएगी। पुराने काम चल रहे हैं। पार्षद मोहीनी कंवर ने बताया कि शहर में विकास कार्य सात दिन में शुरू नहीं हुए तो निगम मुख्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद धरना दिया जाएगा।