शिक्षा मंत्री कालीचरण सराफ। (फाइल फोटो)
जयपुर। 14वींविधानसभा के तीसरे सत्र के अंतिम दिन गुरुवार को शिक्षा विभाग के एसीएस श्याम एस अग्रवाल की ओर से
शिक्षक दिवस पर राजस्थानियों पर की गई टिप्पणी को लेकर हंगामा मच गया। इस पर सरकार की ओर से एसीएस अग्रवाल का बचाव किया गया और खुद शिक्षा मंत्री कालीचरण सराफ सफाई देते नजर आए कि उन्होंने ऐसा कुछ नहीं कहा था। सराफ के इस जवाब पर कांग्रेस विधायकों ने एसीएस को बचाने के आरोप लगाए।
विधानसभा में कांग्रेस विधायक रमेश मीणा की ओर से यह मामला शून्यकाल के दौरान उठाया गया। मीणा ने कहा कि अग्रवाल ने राजस्थानियों का अपमान किया है। इस पर शिक्षा मंत्री कालीचरण सराफ ने कहा कि एसीएस अग्रवाल ने ऐसा कुछ कहा ही नहीं, जो विवादास्पद हो। अग्रवाल का भाषण शिक्षकों को प्रेरित करने वाला था जबकि इसमें राजस्थानियों को लेकर कोई बात ही नहीं कही गई। सराफ के इस जवाब पर सदन में हंगामा हो गया।
कांग्रेस विधायकों ने सराफ की सफाई का विरोध किया और सराफ पर एसीएस को बचाने का आरोप लगाया। कांग्रेस विधायकों के अनुसार केवल एसीएस ही नहीं बल्कि समारोह में मौजूद मंत्री कालीचरण सराफ और गुलाबचंद कटारिया के बयान भी शिक्षक विरोधी थे।