जयपुर। आयु सीमा पार कर चुके बेरोजगार शारीरिक शिक्षकों को पीटीआई भर्ती में शामिल करने की मांग उठी है। राजस्थान शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ ने इस मामले पर शिक्षामंत्री को ज्ञापन देकर बेरोजगारों को राहत देने की गुहार लगाई है।
संघ के अध्यक्ष यतीश शर्मा का कहना है कि प्रदेश में माध्यमिक व प्रारंभिक शिक्षा में सालों बाद भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ हुई है। ऐसे में कई अभ्यर्थी ओवरएज हो चुके हैं। उन्हें एक बार भी भर्ती में शामिल होने का अवसर नहीं मिला।
अगर पीटीआई भर्ती में आयु में छूट देकर इसे न्यूनतम 45 वर्ष कर दिया जाए तो उन्हें राहत मिल सकती है। प्रतिनिधिमंडल में कमलकिशोर शर्मा, मामराज शर्मा, मूलचंद, संजीव पाराशर, जुगलकिशोर यादव, रामनिवास शर्मा, रामेश्वर प्रसाद यादव, रामदयाल शर्मा, मनोज शर्मा और संजय जैमन शामिल थे।