जयपुर। जलदाय विभाग में तकनीकी कर्मचारियों को ओवरटाइम देने की मांग को लेकर राजस्थान वाटर वर्कर्स कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष ईश्वरचंद शर्मा के नेतृत्व में कर्मचारियों ने विभाग के प्रमुख सचिव को ज्ञापन दिया।
इस दौरान संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष कुलदीप यादव, प्रवक्ता बाबूलाल शर्मा, महामंत्री जितेंद्र कश्यप, कोषाध्यक्ष मोहनलाल शर्मा, जिला अध्यक्ष रामराय शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। कर्मचारियों ने ओवरटाइम नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
संघ के प्रवक्ता बाबूलाल शर्मा ने बताया कि विभाग में अतिरिक्त काम करने वाले तकनीकी कर्मचारियों को फैक्ट्री एक्ट के तहत ओवरटाइम मिलता रहा है। परंतु पिछले 6 महीने से कर्मचारियों को ओवरटाइम नहीं मिला है। इससे कर्मचारियों में आक्रोश है।
कर्मचारियों का कहना है कि विभाग में 25 साल से तकनीकी कर्मचारियों की भर्ती नहीं हुई है। ऐसे में कार्यरत कर्मचारियों को ही दुगना काम करना पड़ता है।