जयपुर। नगर निगम चुनाव की वोटर लिस्ट बनाने के लिए रविवार को शहर के पोलिंग बूथ पर नए मतदाताओं का नाम जोड़ने व नाम संशोधन के लिए विशेष अभियान चला। वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने का अंतिम मौका होने के कारण रविवार सुबह से ही लोग अपना नाम देखने व संशोधन के लिए अावेदन करते रहे।
दोपहर तक पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की संख्या बढ़ गई, इससे बीएलओ को भी दिक्कत का सामना करना पड़ा। वहीं कई पोलिंग बूथ पर दोपहर तक बीएलओ नहीं पहुंचे। इसकी लोगों ने संबंधित विधानसभा क्षेत्र के ईआरओ को भी शिकायत की है।
जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने नगर निगम के नवंबर में संभावित चुनावों की मतदाता सूची तैयार करना शुरु कर दिया है। नगर निगम चुनाव के लिए तैयार की जा रही वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का रविवार को अंतिम मौका है। इसके बाद नाम नहीं जोड़े जाएंगे।
गैर हाजिर रहने वाले बीएलओ होंगे सस्पेंड :
उप निर्वाचन अधिकारी व एडीएम (द्वितीय) टीकम चंद बोहरा ने बताया कि सभी एसडीएम व निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि विशेष अभियान में उनके क्षेत्र के किसी भी मतदान केन्द्र पर अनुपस्थित रहने वाले बीएलओ के खिलाफ सस्पेंड की कार्यवाही की जाए।