जयपुर। सर्व शिक्षा अभियान (एसएसए) की ओर से नए सत्र में सम्बलन अभियान का पहला चरण सोमवार से प्रारंभ होगा। इसमें शिक्षामंत्री सहित करीब 3 हजार अधिकारी स्कूलों का अवलोकन करेंगे और बच्चों का शैक्षिक स्तर जांचेंगे। अभियान का समापन 24 सितंबर को होगा।
स्कूल पहुंचने वाले अधिकारियों में राज्य, जिला एवं ब्लॉक स्तरीय शिक्षाधिकारी, पंचायती राज विभाग के अधिकारी तथा जिला स्तरीय प्रशासनिक अधिकारी शामिल हैं। हर अधिकारी द्वारा दो विद्यालयों (एक दिन में एक) का अवलोकन कर उन्हें सम्बलन प्रदान किया जायेगा। प्रदेश में पहली से आठवीं तक संचालित होने वाले हर स्कूल में यह अभियान चलेगा।
सम्बलन में विद्यालय अवलोकन के दौरान बच्चों के शैक्षिक स्तर का आंकलन, कक्षा में की जाने वाली शिक्षण प्रक्रिया का अवलोकन, कम्प्यूटर एवं पुस्तकालय की उपलब्धता तथा क्रियाशीलता, पेयजल एवं शौचालय की उपलब्धता तथा क्रियाशीलता का भौतिक अवलोकन किया जायेगा। साथ ही एसएमसी एवं समुदाय के सदस्यों के साथ चर्चा की जाकर विद्यालय से सम्बन्धित विभिन्न पक्षों को समझने एवं सम्बलन देने का कार्य किया जाएगा।