जयपुर। भाजपा और आरएसएस से जुड़े शिक्षक संगठन राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) ने भी प्रदेश की भाजपा सरकार के फैसलों का विरोध शुरू कर दिया है। संघ ने सोमवार को सरकार के एकीकरण व समानीकरण के फैसले के खिलाफ उद्योग मैदान में सदबुद्धि यज्ञ किया। इस दौरान बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद थे।
शिक्षकों ने सरकार की सदबुद्धि की मांग को लेकर यज्ञ में आहुति दी। संघ के अध्यक्ष प्रहलाद शर्मा ने कहा की एकीकरण पहले मौखिक आदेशों से किया गया। अब 19 सितंबर को लिखित आदेश जारी किए, लेकिन आपत्ति जमा कराने की अंतिम तिथि 31 अगस्त को ही निकल चुकी थी।
समानीकरण के दिशा निर्देश भी अब तक जारी नहीं किए गए हैं। इससे शिक्षकों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। समानीकरण की जो सूचनाएं मिल रही हैं अगर उसके आधार पर किया गया तो प्रदेश की शिक्षण व्यवस्था चौपट हो जाएगी। यज्ञ के दौरान शिक्षकों ने प्रदर्शन भी किया।
प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री और शिक्षामंत्री के नाम ज्ञापन दिया गया।