जयपुर। राजस्थान हमेशा से ही पर्यटकों की पसंद रहा है। गोल्डन ट्राइएंगेल में शामिल जयपुर के अलावा अजमेर में स्थित विश्व प्रसिद्ध दरगाह, पुष्कर, सवाई माधोपुर का रणथम्भौर किला व नेशनल पार्क, झीलों की नगरी उदयपुर पर्यटकों को लुभाते रहे हैं। राजस्थानी लोक कला व संस्स्कृति भी पर्यटकों को अपनी ओर खींचती रही है। आइए जानते हैं राजस्थान के कुछ खास पर्यटक स्थलों के बारे में।
अजमेर दरगाह
अजमेर में तारागढ़ पहाड़ी की तलहटी में स्थित ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती की दरगाह शरीफ वास्तुकला की दृष्टि से अभूतपूर्व है। यहां ईरानी और हिन्दुस्तानी वास्तुकला का सुंदर संगम दिखता है। दरगाह का निर्माण हुमायूं के शासनकाल में हुआ था। दरगाह का प्रवेश द्वार और गुंबद बेहद
खूबसूरत है।
प्रवेशद्वार के निकट मस्जिद का निर्माण अकबर के शासनकाल में हुआ था तथा मजार के ऊपर की आकर्षक गुंबद शाहजहां के शासनकाल में निर्मित की गई। दरगाह के अंदर बेहतरीन नक्काशी किया हुआ एक चांदी का कटघरा है। इस कटघरे के अंदर ख्वाजा साहब की मज़ार है।
प्रतिदिन हर धर्म-संप्रदाय के सैकड़ों लोग दरगाह में मन्नत मांगने आते हैं और मुराद पूरी होने पर अपनी हैसियत के अनुसार चादर चढ़ाते हैं। यहां मन्नत मांगने के साथ पवित्र धागा बांधने का तो रिवाज है, परंतु मुराद पूरी होने पर खोलने का नहीं। यहां प्रतिवर्ष उर्स का आयोजन किया जाता है, जिसमें देश-विदेश से हजारों जायरीन जियारत पेश करने आते हैं। यह उर्स इस्लामी कैलेंडर के अनुसार रजब माह में पहली से छठी तारीख तक मनाया जाता है।
अगली स्लाइड में क्लिक कर जानिए आमेर के बारे में