पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • आरयू में क्लास बंक करने पर रुकेगी स्कॉलरशीप, ऐसे छात्रों की सूची कुलपति सरकार को भेजेंगे

आरयू में क्लास बंक करने पर रुकेगी स्कॉलरशीप, ऐसे छात्रों की सूची कुलपति सरकार को भेजेंगे

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जयपुर। राजस्थान यूनिवर्सिटी और संघटक कॉलेज (महाराजा, महारानी, कॉमर्स राजस्थान व तीनों लॉ कॉलेज) में रिजर्व केटेगरी के जिन छात्रों की क्लासेज में उपस्थिती 75 प्रतिशत से कम पाई गई, ऐसे छात्रों की स्कॉलरशीप रोकने के लिए यूनिवर्सिटी प्रशासन राज्य सरकार को पत्र लिखेगी। साथ ही ऐसे छात्रों की डिटेल भी सरकार (समाज कल्याण विभाग) को देगा।
राजस्थान यूनिवर्सिटी व संघटक कॉलेजों में छात्रों के क्लासेज बंक करने की घटनाओं से नाखुश यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. देव स्वरूप ने ये निर्णय किया है। पिछले दो हफ्तों से कुलपति लगातार कॉलेजों और विभागों के इंस्पेक्शन कर रहे हैं।
कुलपति डॉ. देव स्वरूप के अनुसार यूनिवर्सिटी नियमित छात्रों की छात्रवृत्ति (रोके) जाने की कार्रवाई प्रारंभ कर रहा है, जो नियमित छात्र के रूप में कॉलेजों व स्नातकोत्तर विभागों में अपनी कक्षाओं मे नियमित रूप से उपस्थित नहीं हो रहे हैं।
17 हजार से अधिक रिजर्व केटेगरी के छात्र. और 10 करोड़ रु. से अधिक की स्कॉलरशीप .....

आरयू में 17 हजार से अधिक रिजर्व केटेगरी के छात्र हैं जिन्हें समाज कल्याण विभाग से सीधे खातों में स्कॉलरशीप मिल रही हैं। करीब 10 करोड़ रुपए के आसपास सालाना स्कॉलरशीप मिलनी है।

कुलपति डॉ. देव स्वरूप से बातचीत ...
ये जनता का पैसा है, ऐसे छात्रों पर क्यों बर्बाद होने दूं .........
सवाल: इस निर्णय के पीछे क्या तात्पर्य, क्यों ?
जवाब: राज्य सरकार इन्हें पढ़ने और क्लासेज अटेंड करने के लिए पैसा (स्कॉलरशीप) दे रही है। ये जनता का पैसा है। अगर ये छात्र क्लासेज में नहीं आएंगे तो सरकार के मकसद- मायने पूरे नहीं होंगे। हम इन्हें क्लास तक लाना चाहते हैं। इसलिए ये कठोर कदम उठाया है। 75 प्रतिशत से कम उपस्थिति में परीक्षा से भी वंचित करेंगे।

सवाल: क्या हालात देखकर ये निर्णय किया?
जवाब: दो हफ्ते से कॉलेजों और विभागों में आकस्मिक निरीक्षण कर रहा हूं। बुधवार को राजस्थान कॉलेज गया था। यहां पर अधिकांश एसटीएससी के छात्र हैं, जो क्लासेज से नदारद मिले। कुल मिलाकर छात्र लगातार क्लासेज बंक कर रहे है। ये देखकर निर्णय किया है।
सवाल: इस निर्णय से आगे क्या हालात बनेंगे?
जवाब: उम्मीद है छात्र क्लास में आए, मेरी सिर्फ ये ही मंशा है।

आकस्मिक निरीक्षण में तीन टीचर व सैकडों छात्र नदारद मिले, नोटिस जारी .....
राजस्थान कॉलेज में बुधवार को आकस्मिक निरीक्षण पर पहुंचे कुलपति देव स्वरूप को सैकडों छात्र क्लासेज से नदारद मिले। इसके अलावा तीन शिक्षक नदारद मिले। इनमें डॉ. रामा प्रसाद, महिपाल यादव व जमीला बानो का नाम शामिल हैं। इन शिक्षकों से अनुपस्थिति के संबंध में नोटिस जारी करके स्पष्टीकरण मांगा गया है।