पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

२२२

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फोटो: जेडीए की कार्रवाई से पूर्व छावनी बना बगराना।
जयपुर। रिंग रोड के लिए अवाप्त जमीनों का कब्जा लेने की कार्रवाई गुरुवार सुबह 7 बजे से शुरू हो गई। खोरी रोपाड़ा से शुरू हुई यह कार्रवाई शाम 6 बजे जारी रहेगी। स्‍थानीय किसानों के विरोध की आशंका के चलते यहां कई इलाकों में धारा 144 लागू की गई है। साथ ही सुरक्षा व्‍यवस्‍था के लिए पूरा इलाका छावनी बना हुआ है।
उल्‍लेखनीय है कि जेडीए ने 47 किलोमीटर की रिंग रोड के लिए 40 दिन के अभियान की रूपरेखा तैयार की है। किसानों के विरोध के मद्देनजर जिला प्रशासन, जेडीए और पुलिस पूरी तरह से मुस्‍तैद है और कानोता, खो-नागोरियान, शिवदासपुरा और बस्सी इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई है।
सुरक्षा के तगड़े इंतजाम, छावनी बना बगराना क्षेत्र:
बुधवार शाम को बगराना में डेढ़ हजार पुलिसकर्मियों के साथ पूरा लाव-लश्कर तैनात कर दिया गया। 16 आरपीएस अफसर, 25 पुलिस निरीक्षक, सात जिलों से आए करीब 1100 कांस्टेबल, चतुर्थ एवं पांचवीं बटालियन आरएसी, हाड़ी रानी महिला बटालियन की दो कंपनियां, एसटीएफ की दो कंपनियां लगाई गई है। 12 जेसीबी, दो ग्रेडर, 6 ट्रैक्टर ट्रॉली, 4 डम्पर, 50 श्रमिक मौके पर हैं। कानोता थाने से 10 मिनी बसें, 8 बोलेरो और जीप ली गई हैं। गोविन्दपुरा, रोपाड़ा, खोरी रोपाड़ा, लखेसरा, बूड़थल, कानड़वास, भटेसरी, हिंगोनिया, सुमेल, बगराना, गोविन्दपुरा उर्फ रोपाड़ा, गांव खोरी में कब्जे की कार्रवाई होगी। पुलिस कमिश्नर जंगा श्रीनिवास राव ने मौका निरीक्षण किया तथा स्थानीय जनों से कार्यवाही में सहयोग की अपील की।

कोर्ट ने खारिज की किसान की अपील:
रिंग रोड के लिए 90 मीटर की चौड़ाई प्रस्तावित है, सरकार 360 मीटर जमीन अवाप्त कर रही है, जो गलत है। सरकार रिंग रोड की प्रस्तावित चौड़ाई के बाद शेष बची जमीन को अन्य उपयोग के लिए बेचेगी। भूमि अवाप्ति अधिनियम के प्रावधानों के तहत अवार्ड जारी होने के पांच साल बाद तक कोई कार्रवाई नहीं हो तो वह अवैध हो जाती है। ऐसे में रिंग रोड के लिए प्रस्तावित जमीन ही अवाप्त की जाए। लेकिन हाईकोर्ट न्यायाधीश बेला एम.त्रिवेदी ने वीरेन्द्र सिंह व अन्य की याचिका में जेडीए कार्रवाई पर रोक लगाने वाले प्रार्थना पत्रों को खारिज कर दिया। कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश को इस मामले में यह कहते हुए लागू नहीं माना कि यहां 95 प्रतिशत किसानों ने जमीन समर्पित कर कब्जा दे दिया है। सरकार की ओर से कहा कि शहर में भारी वाहनों का दबाव रहता है। बाईपास बनाना है और यह जनहित का मामला है। कार्रवाई पर रोक नहीं लगाई जाए।

क्‍या है रिंग रोड स्‍कीम:
आगरा रोड (एनएच 11) से अजमेर रोड (एनएच 8) वाया टोंक रोड (एनएच-12) तक करीब 47 किलोमीटर लंबाई में रिंग रोड बनाई जाएगी। इसके तहत 90 मीटर चौड़ाई में मुख्य कॉरिडोर और दोनों ओर 135 मीटर चौड़ाई में कॉरिडोर विकसित होंगे।
फोटो: महेन्‍द्र शर्मा


आगे देखें: कार्रवाई के एक दिन पहले छावनी बने बगराना की और अधिक तस्‍वीरें-