जयपुर। बनीपार्क थाना पुलिस ने गुरूवार को आर्मी की शारीरिक भर्ती परीक्षा में दो मुख्य अभ्यर्थियों के स्थान पर दो फर्जी अभ्यर्थियों को पकड़ा है। इस संबंध में मिलिट्री एरिया जयपुर के जेसीओ हरिओम ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
सब इंस्पेक्टर कमल सिंह ने बताया कि उत्तरप्रदेश निवासी लाखन सिंह व योगेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया है। दोनों गुरूवार को शारीरिक भर्ती परीक्षा देने के लिए मिलिट्री अस्पताल में आए थे।
दोनों आरोपी साहिल और पुष्पेंद्र नाम के मुख्य अभ्यर्थी के स्थान पर शारीरिक भर्ती परीक्षा दे रहे थे। शारीरिक परीक्षा देने के लिए आरोपियों ने दोनों अभ्यर्थियों से 50 हजार रुपए लेना तय किया था।
हस्ताक्षर ने पकड़वाया
आरोपी लाखन सिंह ने मुख्य अभ्यर्थी साहिल खान के स्थान पर एग्जाम दिया था। उपस्थिति दर्ज करवाने के लिए उसने साहिल के हिंदी में हस्ताक्षर कर दिए जबकि साहिल ने दस्तावेज में अंग्रेजी में हस्ताक्षर किए थे।
इस पर सेना के अधिकारियों को शक हो गया। उन्होंने कागजों की जांच की और उनमें दिए गए शारीरिक चिन्हों को लाखन के शरीर पर चेक किए तो वे भी नहीं मिले। मिलिट्री के अधिकारियों ने पुष्पेंद्र के स्थान पर एग्जाम दे रहे योगेश के दस्तावेज की जांच की तो वह भी फर्जी पाए गए।