जयपुर। पिछले साल प्रारंभिक शिक्षा विभाग की ओर से निकाली गई शिक्षा सहायक भर्ती का प्रदेश के 11 लाख अभ्यर्थी इंतजार कर रहे हैं। विभाग ने यह भर्ती 33,500 पदों के लिए निकाली थी। इन पदों के लिए प्रदेशभर के 11 लाख 78 हजार 507 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था।
इन अभ्यर्थियों की ओर से प्रारंभिक शिक्षा विभाग को आवेदन शुल्क के रूप में करीब 23 करोड़ रुपए जमा कराए गए थे। लेकिन डेढ़ साल बाद भी इस भर्ती के लिए आवेदन करने वालों का नौकरी का सपना साकार नहीं हो सका है। अभ्यर्थियों ने इस भर्ती को जल्दी पूरा करने की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि भर्ती के समय शिक्षा विभाग ने सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों से 275 रुपए, ओबीसी, एससी, एसटी वर्ग से 175 रुपये का आवेदन शुल्क वसूला था। भर्ती जिला स्तर पर होने पर बहुत से अभ्यर्थियों ने एक से ज्यादा जिलो से आवेदन किया था।
हाईकोर्ट के एडवोकेट संदीप कलवानिया ने प्रारंभिक शिक्षा विभाग से सूचना के अधिकार के तहत इस भर्ती के लिए आए आवेदनों की जानकारी मांगी थी। विभाग के अतिरिक्त निदेशक की ओर से कलवानिया को भेजी जानकारी में सामने आया है कि इस भर्ती के लिए 10 लाख 64 हजार 644 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन तथा 1 लाख 13 हजार 863 अभ्यर्थियों ने ऑफलाइन आवेदन जमा कराया है।