जयपुर। शहर में जयपुर डिस्कॉम के इंजीनियर दीपावली की मेंटीनेंस के नाम पर अगले एक महीने तक अपनी मनमर्जी से बिजली कटौती व सिस्टम विकास के नाम पर खर्च कर सकेंगे। मेंटीनेंस के नाम पर इंजीनियरों को बिजली कटौती व खर्चा करने पर कोई पाबंदी नहीं होगी। मेंटीनेंस व नए सिस्टम पर डेढ़ से तीन करोड़ रुपए खर्च करने की प्लानिंग कर रहे जयपुर डिस्कॉम के इंजीनियर दीपावली व इसके बाद बिजली गुल नहीं होने की गारंटी देने को तैयार नहीं है।
उल्लेखनीय है कि मानसून से पहले करवाए गए मेंटीनेंस के बावजूद लोगों को बूंदाबांदी व तेज हवा के बाद बिजली कटौती की मार झेलनी पड़ी थी। ऐसे में बिजली कंपनी की ओर से करवाए जा रहे सिस्टम मेंटीनेंस की गुणवत्ता और औचित्य पर ही सवाल उठने लगे है।
जयपुर डिस्कॉम के दीपावली से पहले तक दो महीने में इंजीनियर अपनी सुविधा के अनुसार केवल एक दिन पहले उपभोक्ता को सूचना दे बिजली गुल कर सकेंगे और मनमर्जी से सिस्टम में बदलाव के लिए खर्चा करने की भी छूट है। बिजली कंपनी का सिटी सर्किल के सभी सबडिवीजन दीपावली तक करीब डेढ़ करोड़ से तीन करोड़ रुपए खर्च कर रहे है। इसमें कर्मचारियों के ओवरटाइम के साथ ही मस्टररोल पर मजदूर लेने और ट्रांसफार्मर व लाइन का खर्चा भी शामिल है।
जयपुर डिस्कॉम के इंजीनियरों ने बताया कि सिस्टम को सुचारु व बेहतर कार्य करने के लिए मेंटीनेंस जरूरी है। मेंटीनेंस के बाद निर्बाध बिजली सप्लाई की कोशिश रहेगी, लेकिन तकनीकी कारणों से बिजली गुल भी हो जाती है।