- Hindi News
- अब राजधानी अनाज मंडी के सचिव करेंगे आधी रेट पर दुकान आवंटन का फैसला
अब राजधानी अनाज मंडी के सचिव करेंगे आधी रेट पर दुकान आवंटन का फैसला
भास्कर न्यूज. जयपुर
राजधानी अनाज मंडी (कुकरखेड़ा) में आधी कीमत पर बारदाना, खाद-बीज व कृषि साहित्य के लिए दुकानें आवंटन का फैसला अब मंडी समिति के सचिव करेंगे। आवंटन समिति ने आवेदनों की गहनता से जांच कर प्रस्ताव सरकार को भिजवाने के लिए सचिव महिपाल सिंह को अधिकृत किया है। ताकि दुकान आवंटन पर कोई विवाद नहीं हो तथा गलत व्यक्ति को दुकान नहीं मिल जाए। चांदपोल मंडी में बारदाना, खाद बीज व अन्य फुटकर व्यवसायियों को राजधानी अनाज मंडी में दुकानें आवंटित करने के लिए मंडी समिति की आवंटन कमेटी की बैठक में यह फैसला लिया गया है।
यह है मामला :
शहर के चांदपोल अनाज मंडी परिसर में चल रही अनाज, खाद्य पदार्थों को दुकानों को शिफ्ट करने के लिए कृषि विपणन बोर्ड ने १५ साल पहले सीकर रोड़ पर कुकरखेड़ा में नई अनाज मंडी बना कर दुकानें आवंटित की थी। इसके बाद जुलाई २००८ में चांदपोल में बारदाना, पशु आहार व अन्य फुटकर व्यापारियों से भी आवेदन मांग लिए। लोगों की आपत्तियों व सरकार बदलने के कारण अफसरों ने पूरे मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया। लोगों का आरोप है कि अब सरकार बदलते हुए कुछ अफसर दुबारा से कृषि विपणन बोर्ड में प्राइम पोस्टों पर आ गए तथा उन्होंने दुबारा से इन्हे दुकानें आवंटित करने की प्रक्रिया शुरु कर दी। मंडी समिति के कर्मचारियों व अफसरों ने चांदपोल मंडी परिसर में फुटकर दुकानदारों से मिलीभगत कर ली।