जयपुर। थाने में पुलिसकर्मियों को धक्का देकर फरार हुए चोरी के आरोपी को बजाजनगर थाना पुलिस ने तीन घंटे बाद दौसा रेलवे स्टेशन पर पकड़ लिया। आरोपी 37 वर्षीय मुकेश पांचाल दौसा का रहने वाला है।
आरोपी को बजाजनगर थाना पुलिस ने शुक्रवार को मोतीकला कॉलोनी से सिलेंडर चोरी करके ले जाते समय किया था। पुलिस ने आरोपी से चोरी का सिलेंडर जब्त कर लिया था।
आरोपी के खिलाफ चोरी के सात मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी दौसा से जयपुर रोजाना आता था और सूने मकानों की रैकी करता था। इसके बाद मौका देखकर चोरी की वारदात करता था। वह कुछ माह पहले ही जेल से बाहर आया था।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार दोपहर मोतीकला कॉलोनी से आरोपी सिलेंडर चोरी करके पैदल-पैदल जा रहा था। आरोपी को मकान मालिक ने देख लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गांधीनगर रेलवे स्टेशन के पास पकड़कर थाने ले आई। पुलिस शनिवार दोपहर एक बजे आरोपी मुकेश को कोर्ट में पेश करने के लिए ले जा रही थी। इस दौरान आरोपी मुकेश पुलिसकर्मियों के धक्का देकर भाग गया और गांधीनगर रेलवे स्टेशन से ट्रेन में बैठकर दौसा के लिए रवाना हो गया। इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना पर दौसा पुलिस की मदद से बजाजनगर थाना पुलिस ने आरोपी मुकेश को दौसा रेलवे स्टेशन पर पकड़ लिया।