जोधपुर। सूर्यनगरी स्थित डेज़र्ट कोर कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल बॉबी मैथ्यूज के पुत्र सहित तीन का सूरत के निकट एक सड़क हादसे में निधन हो गया। लेफ्टिनेंट जनरल मैथ्यूज का पुत्र अपने दोस्तों के साथ हजीरा से दमन अवकाश मनाने जा रहा था।
उनकी कार एक डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। सामने से आ रहे एक ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। कार में सवार चार युवकों में से तीन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि उनके चौथे साथी की हालत गंभीर है।
सैन्य सूत्रों का कहना है कि लेफ्टिनेंट जनरल बॉबी मैथ्यूज का 28 वषीर्य पुत्र रोहित मैथ्यूज हजीरा में किसी निजी कंपनी में कार्यरत है। वह अपने तीन दोस्तों के साथ एक से दमन घूमने जा रहा था। उसके साथी भी हजीरा में विभिन्न कंपनियों से जुड़े थे।
रविवार देर रात करीब सवा दो बजे इनकी कार गुजरात के नवसारी के निकट एक डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। कार की गति अधिक होने के कारण वह डिवाइडर से टकरा कर हवा में उछल कर दूसरी तरफ जा गिरी। इस लेन में सामने से आ रहे एक ट्रक ने कार को उड़ा दिया। इस हादसे में रोहित मैथ्यूज, कुलजीत राणा (22) और पीयूष सोलंकी (25) की मौके पर ही मौत हो गई।
रोहित के पिता जोधपुर में कार्यरत हैं जबकि राणा का परिवार वलसाड और सोलंकी का परिवार बड़ोदा का रहने वाला है। इस हादसे में कार में सवार सुशान्त मित्तल बुरी तरह से घायल हो गया। नवसारी के अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही तड़के बॉबी मैथ्यूज यहां से नवसारी के लिए रवाना हो गए।