जोधपुर। जोधपुर जिले के फलोदी शहर के मुख्य बाजार स्थित द्वारकाधीश मन्दिर से रविवार रात चोर ताला तोड़ कर अंदर घूस गए और सात मूर्तियां उठा कर ले गए। सुबह लोगों को मन्दिर में चोरी की सूचना मिली। इसके बाद मन्दिर के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने रास्ता जाम कर दिया।
पुलिस ने बताया कि शहर के मुख्य बाजार में द्वारकाधीश का मन्दिर स्थित है। देर रात चोरों ने इस मन्दिर का ताला तोड़ दिया। चोर इसमें रखी सात छोटी-बड़ी मूर्तियां उठा कर ले गए। इनमें अष्टधातु की मूर्तियां भी शामिल हैं।
सुबह मन्दिर में दर्शन करने आए एक व्यक्ति को सबसे पहले चोरी होने की जानकारी हुई। उसने अन्य लोगों को एकत्र कर लिया। मुख्य बाजार में स्थित मन्दिर में चोरी हो जाने से लोग आक्रोशित हो गए।
उन्होंने करीब तीन घंटे तक मुख्य बाजार में रास्ता जाम कर प्रदर्शन किया और पुलिस के खिलाफ नारे लगाए। लोगों का कहना था कि पुलिस की ओर से गश्त का दावा किया जाने के बावजूद मुख्य बाजार से मन्दिर में चोरी हो जाने से पुलिस की गश्त पर सवालिया निशान खड़ा हो गया है।
बाद में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने पर लोग शांत हुए। पुलिस ने चोरों की तलाश में टीमें गठित कर जांच शुरू कर दी है।