(फोटो: प्रेस से मुखातिब होते हुए अमर सिंह।)
जयपुर। पूर्व सांसद व समाजवादी पार्टी से वर्षों तक जुड़े रहे अमर सिंह सोमवार को जयपुर में थे। समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो
मुलायम सिंह यादव परिवार के नजदीकी रहे अमर सिंह ने यहां अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला और प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी की उतनी ही तारीफ की।
बोले, पहले मैं स्वार्थी था। एक दल से जुड़ा, परिवार से जुड़ा स्वार्थ था। अब मैं स्वतंत्र हूं इसलिए राष्ट्रवादी हो गया हूं। प्रेस क्लब में प्रेस कान्फ्रेंस में अमर सिंह ने यह बात कही।
उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि वहां के जो भी व्यापारी, इंजीनियर पकड़े जा रहे हैं वे तो पप्पू हैं, पप्पू को क्या पकड़ते हो, पप्पू के पिताजी को पकड़ो, जिनके हर काम में उनका शेयर है।
मैं अब किसी दलदल में नहीं
एक सवाल के जवाब में अमर सिंह ने कहा कि जब से नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने हैं, उन्होंने देश की सूरत बदलने में कोई कसर नहीं छोड़ी। मैं किसी दलदल में नहीं हूं, इसलिए मेरा स्वार्थ देश के प्रति है, किसी दल के प्रति नहीं। ऐसे में एक नागरिक की हैसियत से मुझे मोदी के कामकाज की तारीफ करने में कोई परहेज नहीं।
उन्होंने मोदी के कामों को गिनाते हुए तारीफ की और कहा कि पता नहीं भाजपा के प्रवक्ता मोदी के कामों को पुरजोर क्यों नहीं पेश कर पा रहे हैं। अन्यथा पहली बार ऐसा हुआ कि जी-20 देशों के बीच किसी प्रधानमंत्री ने काले धन पर अपना पक्ष रखा।
फोटो: राजेश कुमावत।