(फोटो: विजेता एनएलयू-जोधपुर की टीम ट्राफी के साथ।)
जोधपुर। सूर्यनगरी के राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय(एनएलयू-जोधपुर) ने एक बार फिर से देश में अपना परचम फहराया है। नई दिल्ली में आयोजित 'साउथ एशियन राउंड प्राइज मीडिया लॉ मूट कोर्ट प्रतियोगिता-2015' जोधपुर की टीम ने जीत ली है। इस टीम में रोहन तिगाड़ी, संजना श्रीकुमार व सागर गुप्ता ने एनएलयू-जोधपुर की प्रतिनिधित्व किया। तीन चरण की इस प्रतियोगिता में एनएलयू-जोधपुर ने नालसर-
हैदराबाद पर अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए खिताब अपने नाम किया।
इस प्रतियोगिता में हैदराबाद व जोधपुर के अलावा एनएलयू दिल्ली व बैंगलुरु की टीमें सेमीफाइनल तक पहुंची थी, लेकिन अन्त में बाजी एनएलयू-जोधपुर ने मारी। इस प्रतियोगिता को एनएलयू-दिल्ली तीन साल से लगातार आयोजित कर रहा है। गत वर्ष इस प्रतियोगिता में मेजबान के नाते कुछ अनियमितता बरतने के आरोपों के बीच एनएलयू-दिल्ली की टीम को अयोग्य घोषित कर दिया गया था।
इस बार प्रतियोगिता में देशभर के 23 लॉ कॉलेजों ने भाग लिया। एनएलयू-जोधपुर की टीम तीस अंकों के साथ पहले स्थान पर रही। इसके अलावा सेशन-6 की देशभर की ओवर ऑल रैंकिंग में 69 अंक के साथ दूसरे स्थान पर चल रही है। जबकि एनएलयू-दिल्ली 80 अकं के साथ पहले स्थान पर है। जबकि एनएलयू-भोपाल 58 अकं के साथ तीसरे स्थान पर है।
विजेता टीम के सदस्य रोहन ने बताया कि इस प्रतियोगिता का आयोजन बेहतरीन रहा। साथ ही पूरी प्रतियोगिता के दौरान जजिंग बहुत ही उच्च स्तर की रही। उन्होंने कहा कि प्राइज मूट कोर्ट ही ऐसा आयोजन है जहां पर जजिंग बहुत स्तरीय होती है।