प्रतिकात्मक तस्वीर।
जयपुर। जिले के युवा अभ्यर्थियों को सेना में भर्ती करने के लिए आमेर कुंडा के सीआईएसएफ परिसर में मंगलवार सुबह 11 बजे से भर्ती रैली शुरु हो गई। भर्ती रैली में अभ्यर्थियों की दौड़ के साथ ही अन्य खेलकूद व शारीरिक क्षमताओं की जांच की जाएगी। भर्ती रैली 16 दिसंबर तक चलेगी। भर्ती तहसीलवार हो रही है तथा तहसीलदार से टोकन लेने वाले अभ्यर्थियों को ही भर्ती स्थल पर प्रवेश दिया जा रहा है।
कलेक्टर कृष्ण कुणाल के प्रयासों से सालों बाद हो रही भर्ती के लिए जिला प्रशासन ने सोमवार को सभी तैयारियां पूरी कर ली है। भर्ती स्थल पर मचान बना कर पुलिसकर्मियों को निगरानी के लिए लगाया है। वहीं वीडियोग्राफी के जरिए भी हर अभ्यर्थी पर नजर रखी जा रही है।
टोकन से मिल रही एंट्री:
तहसीलदार की ओर से जारी टोकन होने पर ही अभ्यर्थी को रैली में प्रवेश करने दिया जा रहा है।
कलेक्टर कृष्ण कुणाल ने सभी अभ्यर्थियों को शांति व अनुशासन के साथ सेना भर्ती रैली में भाग लेने की अपील की है। शांति भंग करने वाले अभ्यर्थियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी जाएगी।
कंट्रोल रूम से हो रही निगरानी, मेडिकल टीम भी तैनात:
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए कंट्रोल रूम बनाया है। जहां पर प्रशासन व पुलिस के अफसरों के साथ ही मेडिकल टीम व पुलिस के जवान मौजूद हैं। इसके साथ ही पानी व बिजली के इंतजाम के लिए बिजली कंपनी व जलदाय विभाग के इंजीनियरों की टीम लगाई गई है।