जयपुर। जयपुर डिस्कॉम में पहली बार बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए टेक्निकल कर्मचारियों को विद्युत करंट से होने वाले हादसों से बचने की लाइव ट्रेनिंग दी गई।
बिजली कंपनी के सीपीओ वीपी पारीक व अन्य अफसरों के पैनल ने सूचना प्रौद्योगिकी निदेशालय में बने स्टूडियो के माध्यम से पंचायत समिति के राजीव गांधी आईटी केंद्र पर मौजूद टेक्निकल कर्मचारियों को लाइव ट्रेनिंग दी गई।
ट्रेनिंग देने के लिए हर सबडिवीजन से 20 कर्मचारियों को आईटी केंद्र पर बुलाया गया था। पैनल के विशेषज्ञों ने कर्मचारियों की समस्याओं व सवालों का भी समाधान किया। अब अलगी लाइव ट्रेनिंग 17 व 24 दिसंबर को होगी।
जयपुर, जोधपुर, अजमेर डिस्कॉम में विद्युत दुर्घटनाओं के कारण लगातार कर्मचारियों की मौत हो रही है। वहीं कई कर्मचारी अपाहिज भी हो चुके हैं। पिछले पांच साल में भर्ती हुए नए टेक्निकल कर्मचारी ट्रेनिंग के अभाव में बड़े स्तर पर दुर्घटनाग्रस्त हुए हैं।
कई कर्मचारियों के दूरदराज की पंचायत समितियों व गांवों में ड्यूटी होने के कारण वे बिजली कंपनी की ओर से होने वाली ट्रेनिंग भी नहीं ले पाते हैं। इसको देखते हुए जयपुर डिस्कॉम प्रबंधन व कार्मिक विंग के अधिकारियों ने अब वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए टेक्निकल कर्मचारियों को पंचायत समिति स्तर पर बने राजीव गांधी आईटी सेंटर पर ट्रेनिंग देने की प्लानिंग की है।
बिजली कंपनी के इंजीनियर, कार्मिक अधिकारी व डॉक्टर जयपुर के सूचना प्रौद्योगिकी निदेशालय में बने स्टूडियो के माध्यम से टेक्निकल कर्मचारियों को लाइव ट्रेनिंग दे रहे है।