जयपुर। राज्य के सरकारी कॉलेजों में कार्यरत 549 व्याख्याताओं को वरिष्ठ और चयनित वेतनमान मिलेगा। कॉलेज शिक्षा आयुक्तालय की ओर से बुधवार को इस संबंध में आदेश जारी किए गए। यह व्याख्याता लंबे समय से कैरियर एडवासमेंट स्कीम के अंतर्गत वरिष्ठ और चयनित वेतनमान स्वीकृत होने का इंतजार कर रहे थे।
उल्लेखनीय है कि पिछले महीने अजमेर में आरपीएससी के अध्यक्ष आरडी सैनी की अध्यक्षता में आयोजित स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में इन व्याख्याताओं को इस स्कीम का लाभ देने का निर्णय हुआ था।
इसमें 31 दिसंबर 2008 से 30 जून 2013 तक के पात्र कॉलेज व्याख्याताओं को इस स्कीम का लाभ दिया गया है। इनमें 190 को वरिष्ठ वेतनमान और 359 को चयनित वेतनमान स्वीकृत किए गए है।
राजस्थान विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) के महामंत्री डॉ. नारायण लाल गुप्ता का कहना है कि यह प्रक्रिया 2008 से बंद पड़ी थी। इससे राज्य के व्याख्याताओं में नाराजगी थी। उनका संगठन इस स्कीम के लिए लंबे समय से प्रयासरत था। अब मुख्यमंत्री, उच्च शिक्षा मंत्री व प्रशासनिक अधिकारियों के सहयोग के कारण ही यह संभव हो सका है।