जयपुर। मालवीय नगर में करधनी शापिंग सेंटर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में नोट गिनने का झांसा देकर दो युवक एक व्यक्ति से 50 हजार रुपए के नोटों की गड्डी लेकर भाग निकले। वारदात के बाद ठगी से पीड़ित बबलू ने मालवीय नगर थाने में केस दर्ज करवाया। जिसकी जांच उपनिरीक्षक नवरत्न को सौंपी गई है।
पुलिस के मुताबिक ठगी का शिकार बबलू सवाईमाधोपुर में गांव खिरणी, बौंली का रहने वाला है। वह सरस्वती नगर, जवाहर सर्किल में रहता है। मंगलवार सुबह 11 बजे वह करधनी शापिंग सेंटर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में रुपए जमा करवाने गया था।
नकली नोटों की गड्डी रुमाल में डाल दी: बबलू ने बताया कि उसे बैंक परिसर में दो युवक मिल गए। उन्होंने बबलू को नोट जमा कराने की पर्ची भरने में मदद की बात कही। बातों में फंसाकर बदमाशों ने बबलू से 50 हजार रुपए के नोटों की गड्डी उधार ले ली। वे नोट गिनने का नाटक करने लगे। इसी बीच नजर बचाकर बदमाशों ने नोटों की गड्डी चुराकर खुद के पास रख ली और उसकी जगह कागज की गड्डी बबलू के रुमाल में लपेटकर दे दी और वहां से चले गए।
बबलू ने रुमाल खोला तब नोट गायब नजर आए और कागज की गड्डी दिखाई पड़ी। यह देख बबलू के होश उड़ गए। उसने पुलिस थाने पहुंचकर सूचना दी। इसके बाद थानाप्रभारी नीरज भारद्वाज मौके पर पहुंचे।