(फोटो: जलदाय विभाग के मुख्यालय में साफ-सफाई का अवलोकन करतीं मंत्री किरण माहेश्वरी।)
जयपुर। जलदाय विभाग के मुख्यालय व अन्य दफ्तरों में इंजीनियरों व कर्मचारियों के दफ्तर में नहीं मिलने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए बुधवार सुबह 9.30 बजे मंत्री किरण माहेश्वरी खुद ही जल भवन पहुंच गईं।
जलदाय मंत्री ने समय पर दफ्तर नहीं आने वाले इंजीनियरों के नाम के आगे रिमार्क (गैर हाजिरी) लगा दी। इसके बाद जलदाय मंत्री माहेश्वरी ने विभाग के दफ्तरों व कॉल सेंटर का भी निरीक्षण किया। मंत्री ने जल भवन में गंदगी मिलने व इधर- उधर फैले सामान पर नाराजगी जताई।
जल भवन में पिछले सप्ताह प्रशासनिक सुधार विभाग की टीम ने भी औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान कई इंजीनियर व कर्मचारी सीटों पर नहीं मिले थे तथा अधिकांश अफसर समय पर दफ्तर नहीं पहुंचे थे।
इस पूरे मामले पर गंभीरता से लेते हुए जलदाय मंत्री बुधवार सुबह 9.30 बजे ही जल भवन पहुंच गई लेकिन अधिकांश दफ्तरों में अफसर व कर्मचारी गायब थे। इस पर मंत्री ने नाराजगी जताई तथा सब की अनुपस्थिति लगाने के निर्देश दिए।
कई इंजीनियरों ने फील्ड में होने की बात कह कर इसका विरोध भी किया। इस पर फील्ड में गए हुए इंजीनियरों की जांच करवा कर राहत दी गई। जलदाय मंत्री ने जल भवन की गंदगी व जर्जर हालत पर भी नाराजगी जताई। मंत्री ने राजस्थान स्वच्छता सप्ताह में पूरे भवन की साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए।
फोटोज: श्यामराज शर्मा
आगे देखें: मंत्री के दौरे की और अधिक तस्वीरें।