प्रतीकात्मक तस्वीर।
जयपुर। राज्य सरकार की ओर से पिछड़े इलाकों में खोले जा रहे मॉडल स्कूलों के नाम स्वामी विवेकानंद के नाम पर होंगे। इन स्कूलों का पूरा नाम स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल रखा गया है। चालू सत्र में 66 मॉडल स्कूल शुरू किए गए हैं और अब इनके लिए लोगो(प्रतीक चिन्ह) का चुनाव किया जा रहा है। इसके लिए एक प्रतियोगिता के जरिए आमजन से भी डिजाइन मांगे गए हैं।
जानकारी के अनुसार राजस्थान माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से मॉडल स्कूलों में समरूपता रखे जाने के लिए प्रतीक चिन्ह के लिए मंथन भी शुरू हो गया है। इसके लिए आयोजित प्रतियोगिता के लिए प्रविष्टि भेजने की अंतिम तिथि 19 दिसंबर है।
आरएमएसए से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रतीक चिन्ह के साथ उसकी अवधारणात्मक व्याख्या भी बतानी होगी। चयनित तीन प्रविष्टियों को पुरस्कार स्वरूप 10 हजार, 7 हजार और 5 हजार रुपए की राशि प्रदान की जाएगी। प्रविष्टियां आरएमएसए के शिक्षा संकुल स्थित कार्यालय पर भेजनी हैं।