जयपुर। सोढाला क्षेत्र में पीलिया से मौत के बाद शुक्रवार को चिकित्सा विभाग चेता और विभाग के आला अधिकारी अलसुबह मौके पर पहुंचे। यहां लोगों से बातचीत की और बीमार लोगों की जांच की। मौके पर पहुंची टीम के अधिकारियों ने लोगों से पानी के बारे में पूछा और क्षेत्र में मॉनिटरिंग की। लोगों ने उन्हें लगातार गंदे पानी के आने की शिकायत की।
इसके बाद बीमार लोगों को अस्पताल जाकर उपचार के लिए कहा। साथ ही दो अधिक बीमार लोगों को अस्पताल में भर्ती होने के लिए भी कहा। गौरतलब है कि सोढाला क्षेत्र में पिछले 15 दिन से पीलिया का प्रकोप बना हुआ है। बुधवार को एक महिला की पीलिया से मौत हो गई। हालांकि अस्पताल प्रशासन ने इसे दबाने का प्रयास किया लेकिन मामला दब नहीं सका और गुरुवार को मीडिया में मामला आने के बाद शुक्रवार को प्रशासन चेता।