जयपुर। प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत अभियान की घोषणा के बाद रेलवे स्टेशनों के हालात सुधारने की कवायद की जा रही है। ऐसे में अब स्टेशनों पर कैमरे लगाए जाएंगे और सफाई की मॉनिटरिंग की जाएगी।
उत्तर-पश्चिम रेलवे के आला अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि यदि किसी स्थान पर गंदगी पाई गई तो जिम्मेदार कर्मचारी और अधिकारी पर कार्रवाई होगी। गौरतलब है कि अभी स्टेशन के प्रवेश द्वार से लेकर प्लेटफार्म एक तक सफाई रहती है, लेकिन प्लेटफार्म नं. पांच, छह और अन्य स्थान पर गंदगी को साफ नहीं किया जाता।
यहां तक कि अब स्टेशन की सभी स्टॉल्स का लगातार निरीक्षण किया जाएगा और सभी स्टॉल कर्मी को अपनी स्टाल के पास डस्टबीन रखना जरूरी होगा। ऐसा नहीं किए जने पर स्टॉल कर्मी पर जुर्माना किया जाएगा। टिकट विंडो, रिजर्वेशन कार्यालय और अन्य सभी कक्षों का भी समय समय पर औचक निरीक्षण होगा।
यह भी निर्देश जारी
- स्टेशन पर यात्रियों को भी सफाई के प्रति जागरूक किया जाए।
- यदि कोई यात्री गंदगी फैलाता पाया जाता है तो पहले समझाइश और फिर दंडात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाई जाए।
- सभी कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्र में सफाई का विशेष ध्यान रखें।
- पेपरलेस काम करने की कोशिश करें और कागजों को इधर-उधर नहीं फैंके।
- गंदगी वाले स्थान की फोटोग्राफी होगी और जिम्मेदार पर कार्रवाई होगी।