जयपुर। दिल्ली रोड स्थित जयसिंहपुरा खोर में गंदा नाले के पानी से जहरीली सब्जी उग रही है। इस बात की जांच में पुष्टि भी हो चुकी है। इसके बाद भी प्रशासन कार्रवाई नहीं कर रहा है।
गंदे नाले की सब्जियों से स्थानीय और आसपास के कॉलोनीवासी परेशान है। गंदे पानी से उगने वाली सब्जियों से लोग बीमार हो रहे हैं। इस संबंध में शारदा विकास समिति ने जिला प्रशासन कई बार ज्ञापन दे चुकी है।
समिति के सचिव एवं समाजसेवी प्रेमप्रकाश शर्मा ने बताया कि गंदा नाले में जलमहल का गंदा पानी और सीवर का पानी आ रहा है। नाले में कई जगह मृत पशु पड़े हुए हैं। यह पानी सब्जियां उगाने के काम में आ रहा है। इससे बीमारी बढ़ रही है।
शर्मा ने बताया कि इस संबंध में विधायक सुरेंद्र पारीक को लोग अवगत करा चुके हैं। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही है। इससे पहले जांच में सब्जियों में हानिकारक पदार्थ मिल चुके हैं। एक साल पहले प्रशासन ने कार्रवाई की थी, लेकिन स्थानीय लोग फिर से गंदे पानी से सब्जियां उगाने लग गए हैं। ये सब्जियां बड़ी तादात में गोविंददेवजी मंदिर, मुहाना, जयसिंहपुरा खोर मंडियों में सप्लाई हो रही है। इसके बाद भी प्रशासन का ध्यान नहीं गया।