जयपुर। सोडाला क्षेत्र के सुशीलपुरा, गणेशनगर, गायत्रीनगर, जमना डेयरी, फूटल्या का बाग, कुमावत कॉलोनी सहित अन्य इलाकों में चिकित्सा विभाग के सर्वे में 110 लोगों को पीलिया होने का खुलासा हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सा विभाग के संयुक्त निदेशक के. के. शर्मा व सीएमएचओ (द्वितीय) रविशंकर शर्मा अपनी टीम के साथ प्रभावित क्षेत्र में पहुंच तथा पूरे मामले को देखा।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र का दौरा करने के बाद सामने आया कि क्षेत्र में पानी के अधिकांश कनेक्शन वहां के गंदे नालों से गुजर रहे है। ऐसे में घरों में दूषित पानी सप्लाई होने की संभावना जाहिर की जा रही है।
हालांकि जलदाय विभाग के एक्सईएन मुकेश गोयल व एईएन दीपक शर्मा ने मेडिकल टीम के सामने ही क्षेत्र में दूषित पानी सप्लाई होने की बात से मुकर गए तथा पानी के सैंपलों को साफ होने का दावा करते रहे। इस पर चिकित्सा विभाग के संयुक्त निदेशक के. के. शर्मा व एक्सईएन मुकेश गोयल के बीच गरमागरमी भी हुई।
वहीं दूषित पानी सप्लाई होने पर सुशीलपुरा क्षेत्र के लोगों ने भी जलदाय विभाग के इंजीनियरों का विरोध किया। लोगों ने पिछले 20 दिन से क्षेत्र में दूषित पानी सप्लाई होने का दावा किया है।