पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • वसुंधरा सरकार पर जमकर बरसे गहलोत

वसुंधरा सरकार पर जमकर बरसे गहलोत

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(फोटो: पूर्व सीएम अशोक गहलोत का फाइल फोटो।)
जोधपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि राज्य सरकार ने अपने एक साल के कार्यकाल में एक भी ढंग का काम नहीं किया। इसके बावजूद जनता के पैसे का दुरुपयोग कर जयपुर में जश्न मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब सरकार के पास गिनाने को कुछ है ही नहीं तो फिर ऐसे तामझाम करने का क्या औचित्य।
गहलोत शनिवार को जोधपुर के नई सड़क चौराहे के निकट स्थित राजीव गांधी की प्रतिमा के निकट कांग्रेस की ओर से राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ आयोजित धरने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सं‍बोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने स्वयं स्वीकार किया है कि उन्हें इस साल महज काम करने को 151 दिन ही मिले। जब सरकार का मुखिया ही स्वीकार कर रहा है कि काम नहीं कर पाए तो फिर जनता की कमाई पर जयपुर में समारोह आयोजित कर क्या बताया जा रहा है।
गहलोत ने आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में शुरू की गई सभी जनहित की योजनाओं को बंद किया जा रहा है। गहलोत ने कहा कि प्रदेश सरकार जोधपुर के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है।
जोधपुर की सभी विकास परियोजनाओं को बन्द किया जा रहा है। गहलोत करीब पौने दो बजे धरना स्थल पर पहुंचे। सवा दो बजे से लेकर पच्चीस मिनट के अपने भाषण में गहलोत ने जमकर राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना की।
धरने में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकारी ने भाग लिया। धरना स्थल पर वक्ताओं ने मुख्यमंत्री व प्रदेश सरकार पर कांग्रेस शासनकाल के दौरान शुरू किए गए जनहितैषी कार्यों को रोकने, विकास कार्यों को ठप करने का आरोप लगाया।

इस दौरान कुछ उत्साही पदाधिकारियों ने कांग्रेस में बढ़ रही गुटबाजी पर विराम लगाने का आह्वान किया। इन वक्ताओं ने पार्टी को नेताओं की पार्टी के स्थान पर कार्यकर्ताओं की पार्टी बनाने का आह्वान किया।
कई वक्ताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं से प्रदेश में प्रस्तावित पंचायत चुनाव में पूरी एकजुटता के साथ जुटने का आह्वान किया। पार्टी पदाधकिारियों ने आरोप लगाया कि अपने एक वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश सरकार ने नए विकास कार्य शुरू करने के स्थान पर कांग्रेस सरकार की ओर से शुरू किए गए विकास कार्यों को रोक दिया है। प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति भी दिनों दिन बिगड़ती जा रही है।
ये थे उपस्थित
नई सड़क चौराहे पर आयोजित धरने में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश सचिव कणरसिंह उचियारड़ा, जेडीए के पूर्व अध्यक्ष राजेन्द्र सोलंकी, शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सईद अंसारी व देहात जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हीरालाल मेघवाल, पूर्व विधायक जुगल काबरा, पूर्व महापौर रामेश्वर दाधीच सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित थे।