(फोटो सीएम वसुंधरा राजे शनिवार को जनपथ पर प्रदेश स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए।)
जयपुर। भाजपा सरकार का एक साल पूरा होने पर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने जनपथ पर प्रदेश स्तरीय समारोह में अपना रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए अपनी उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने विधार्थी मित्रों को विद्यालय सहायक का नया कैडर बनाकर उनकी भर्ती करने की घोषणा की।
वसुंधरा राजे ने प्रदेशभर से आई कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ के सामने कहा, विधानसभा से लेकर निकाय चुनावों तक में आपने विपक्ष का सफाया किया है, अब मुझे विश्वास है कि आप पंचायत चुनावों में भी ऐसा ही करके दिखाओगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि जीत ऐसी हो कि मोदी जी को भी इसका पता चले।
वसुंधरा राजे ने 21 जून को अन्तरार्ष्ट्रीय योग दिवस घोषित करवाने के लिए प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी के प्रयासों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री का बड़ा सपना था। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले भी हमने स्कूलों में योग शिक्षा शुरू की थी और अब फिर से आने वाले दिनों में इस दिशा में कदम बढ़ाएंगे। वसुंधरा राजे ने कहा कि मेरे मुंह से हमेशा ही टीम राजस्थान निकलता है। अब ये टीम राजस्थान
टीम इंडिया से मिलकर प्रदेश के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल ने वसुंधरा राजे को बेहद ईमानदार बताते हुए कहा कि मैं तो सुनकर ही दंग रह गया कि ये देश की पहली सीएम है जो घर -घर पहुंचकर जनता के काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अगले चार साल में वसुंधरा राजे के नेतृत्व में राजस्थान विकसित प्रदेश बनेगा।
गोयल ने कहा कि वसुंधरा राजे
खूबसूरत तरीके से प्रदेश की सेवा करेंगी। मैं वसुंधरा राजे को उनकी उपब्धियां, नेतृत्व, काम को लेकर बधाई देते हुए गौरवान्वित महसूत कर रहा हूं। कार्यक्रम में केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि वसुंधरा राजे सरकार ने एक साल में बहुत ही अच्छा किया है।
उन्होंने कहा कि मुझे इस बात की खुशी है कि मेरे मंत्री बनने के बाद जब वसुंधरा राजे मेरे से मिलने आईं तो तीखे शब्दों में तकरार करते हुए मुझे बताया कि दिल्ली-जयपुर हाइवे का काम बंद पड़ा है। ठेकेदार भाग गया है और बैंक पीछे हट गया है। मैंने उनको अाश्वस्त किया कि जून 2015 तक दिल्ली- जयपुर के बीच का हाइवे पूरा करके जनता को समर्पित कर देंगे।
राजस्थान में विकास हो रहा है, तो कइयों की हालात खराब हो रही है: गड़करी
नितिन गडकरी ने कहा कि राजस्थान में विकास होने से कुछ मित्रों की हालत खराब हो रही है। उन्होंने कहा कि कोई बेरोजगार होता है तो क्या करें। अनेक बेरोजगार नेता बदली हुई राजस्थान की तस्वीर देखकर उनको सहन नहीं हो रहा है। वसुंधरा जी आप परवाह नहीं करें। गडकरी ने कहा कि जिस तरीके से राजस्थान में एक साल में विकास के काम हुए हैं, वो तो ट्रेलर मात्र है, अभी पूरी फिल्म बाकी है।
अगले साल विकास की यह ट्रेन और आगे जाएगी। वसुंधरा राजे के नेतृत्व में राजस्थान सुंदर एवं विकसित राज्य बनेगा।
इससे पहले मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने मुख्य अतिथित नितिन गडकरी और पीयूष गोयल का स्मृति चिन्ह भेंट करके स्वागत किया। मंच का संचालन चिकित्सा मंत्री राजेंद्र राठौड़ ने किया। इस दौरान भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, केंद्रीय राज्यमंत्री राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़, सांवरलाल जाट ने भी संबोधित किया। समारोह में भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष रामदास अग्रवाल, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सतपाल मलिक, सारे मंत्री, भाजपा के पदाधिकारी, विधायक आदि मौजूद थे।
आगे की स्लाइड में देखिए और फोटोज।