पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

४४४

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अजमेर। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि महिला शक्ति का हम सम्मान तो करते हैं, लेकिन अधिकार देने से झिझकते हैं। भामाशाह कार्ड योजना महिला सशक्तीकरण एवं परिवार आधारित योजना है। यह योजना महिलाओं को समर्पित है, ताकि समाज में महिला व पुरुषों में समानता आ सके।
मुख्यमंत्री सोमवार को अजमेर के पटेल मैदान में भामाशाह कार्ड की लॉन्चिंग के दौरान समारोह को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि भामाशाह कार्ड योजना को नरेगा, छात्रवृत्ति, बीपीएल योजना के साथ राशन प्रणाली से तो जोड़ा ही जा रहा है, 2015 के अंत तक कार्ड को स्वास्थ्य बीमा योजना तथा प्रधानमंत्री एक्सीडेंट क्लेम योजना से भी जोड़ दिया जाएगा। सरकार का प्रयास है कि जनता का धन जनता तक पहुंचे तथा लोगों को इसका लाभ मिले।
सीएम ने इस अवसर पर कार्डियोथोरेसिक यूनिट, मूक-बधिर व दृष्टिहीन बच्चों के संभागीय आवासीय स्कूल तथा विधि कॉलेज का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि भामाशाह योजना भाजपा सरकार ने पिछले कार्यकाल में शुरू की थी, लेकिन कांग्रेस सरकार ने इस योजना को लेकर पांच साल में कुछ नहीं किया। अब सरकार इसे वृहद स्तर पर लागू करने जा रही है। हर परिवार को इस योजना से जोड़ा जाएगा, ताकि सरकारी योजनाओं से मिलने वाली राशि सीधे परिवार की महिला मुखिया के खाते में पहुंच सके।
योजना के तहत दो किस्त में महिला के खाते में दो हजार रुपए जमा होंगे। अब तक राज्य भर में 45 लाख परिवारों का नामांकन भामाशाह कार्ड योजना में हो चुका है।
हर ग्राम पंचायत में सेवा केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्ड का लाभ गांव व शहर में मौजूद महिलाओं को मिल सके, इसके मद्देनजर प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर एक सेवा केंद्र तथा शहरों में पर्याप्त संख्या में केंद्र स्थापित किए जाएंगे। बैंकों ने इस योजना में काफी रुचि दिखाई है। अब पीएनबी, बीओबी, एसबीबीजे, आईओबी, कारपोरेशन बैंक, आईसीआईसीआई तथा ग्रामीण बैंक भी योजना से जुड़ गए हैं।
उन्होंने योजना के शुभंकर व कार्ड का बटन दबा कर अनावरण किया। सीएम ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए करकेड़ी, हरमाड़ा तथा जवाजा में राशन की दुकान से कार्ड से सामग्री लेने वाली तथा बैंक से नकद राशि निकालने वाली महिलाओं से सीधे बातचीत भी की।
उन्होंने कहा कि देश का यह पहला खाता है जिसे आधार कार्ड, प्रधानमंत्री जन-धन योजना तथा बैंकिंग से जोड़ा गया है।

महिला शिक्षित होती है तो परिवार शिक्षित हो जाता है

सीएम वसुंधरा राजे ने कहा कि केंद्र सरकार ने हाल ही 4 हजार करोड़ रुपए सड़कों के लिए, एक हजार 25 करोड़ रुपए पानी के लिए तथा हर घर में बिजली पहुंचाने की घोषणा की है। स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत 30 हजार से तीन लाख तक बीमारी खर्च तथा प्रधानमंत्री की एक्सीडेंट बीमा योजना को सन 2015 तक भामाशाह कार्ड से जोड़ दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि एक महिला शिक्षित होती है तो परिवार शिक्षित हो जाता है। महिला यदि सशक्त होगी तो परिवार, समाज, राज्य तथा देश सशक्त हो सकेगा।

एटीएम से निकाली जा सकेगी राशि
स्वागत भाषण में मुख्य सचिव सीएस राजन ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है। इस योजना में प्रधानमंत्री जन धन योजना का भी समावेश किया जा रहा है। भामाशाह कार्ड से एटीएम से भी राशि निकाली जा सकेगी।
इस कार्ड में सुधार की कार्रवाई अनवरत जारी रहेगी। किसी के कार्ड में कोई त्रुटि रह जाती है तो वह ई-मित्र से सुधारी जा सकेगी। समारोह को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अरुण चतुर्वेदी ने संबोधित किया।
समारोह में शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी, महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री अनिता भदेल, धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, पुष्कर विधायक सुरेश रावत, किशनगढ़़ विधायक भागीरथ चौधरी, ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत, मसूदा विधायक सुशील कंवर पलाड़ा, केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम, आयोजना विभाग के शासन सचिव अखिल अरोड़ा, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक सुशील छाबड़ा भी मौजूद थे।
इन्हें मिले कार्ड
मुख्यमंत्री ने समारोह में संपति देवी, लाड देवी, मंजू, मथरा, आची देवी, ज्ञाना देवी, लाली देवी, जमना देवी तथा लक्ष्मी को भामाशाह कार्ड प्रदान किया। करकेड़ी में सरपंच सुगनी देवी ने इंदिरा को, जवाजा में पंचायत समिति सदस्य जसोदा ने सुशीला देवी को, हरमाड़ा में सरपंच नौरती ने मोहिनी को कार्ड प्रदान किया।