जयपुर। एक्सप्रेस हाईवे पर कैमिकल से भरे हुए टैंकर की धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के मकानों के कई कमरों की छतें भी गिर गई। जिसमें दादा गोदूराम और पोता शिंभू दयाल दब कर घायल हो गए। क्षेत्र में धमाके की आवाज तीन किलोमीटर तक सुनाई दी। धमाके के बाद टैंकर में आग लग गई। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि घटनास्थल के आसपास के घरों व ढाबों के दरवाजे और खिडकियां उखड़ गए। कई घरों में खिड़कियों के कांच टूट गए। लोग बच्चों को लेकर घरों से निकल कर खेतों में भाग गए।
घरों व ढाबों को करवाया खाली:
हादसे के बाद चंदवाजी, आमेर, चौमू और हरमाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल के नजदीक दस परिवारों और इतने ढाबों को खाली करवाया।
आसपास के वाहनों को लिया चपेट में :
टैंकर के नजदीक चल रहे वाहन चालकों को बचने का मौका नहीं मिला। 11 वाहन चपेट में आ गए। करीब 12 लोग गंभीर झुलस गए। वाहन चालक अपने वाहनों को खड़ा कर छोड़ कर भाग गए।
कैमिकल से भरे टैंकर रात में नहीं चलते:
कैमिकल व गैस से भरे हुए टैंकरों के रात में नहीं चलने की गाइड लाइन बनी हुई है। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी कर टैंकरों को चलाया जा रहा है।
आला प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे मौके पर:
घटना के बाद जिला कलेक्टर सहित पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासन ने आधा किलोमीटर की परिधि में घटना स्थल को घेर लिया और माइक से आवाज लगा कर लोगों को दूर जाने की हिदायत दी।
video by: shivprakash sharma